Saturday, June 3, 2023
spot_img

IPL 2023 में खत्म हुआ लखनऊ का अभियान, एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई ने 81 रनों से हराया

ANI

कैमरन ग्रीन की अगुआई में बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ आठ विकेट पर 182 रन बनाए। ग्रीन ने 41 रन की पारी खेलने के अलावा सूर्यकुमार यादव (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 66 रन की साझेदारी भी की।

आईपीएल 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपरजाइंट्स को 81 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही लखनऊ का आईपीएल 2023 में अभियान खत्म हो गया। दूसरे प्लेऑफ में अब मुंबई का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। पहले प्लेऑफ में गुजरात को चेन्नई से हार मिली थी। 2022 में भी लखनऊ की टीम एलिमिनेटर मुकाबले से ही बाहर हुई थी। 2022 में एलिमिनेटर में लखनऊ को आरसीबी ने हराया था। आज की मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 182 रन बनाए थे। जीत के लिए लखनऊ से 183 रन बनाने थे। लेकिन लखनऊ की पूरी टीम 110 रन ही बना सकी। लखनऊ की शुरूआत खराब रही और 12 के स्कोर पर पहला विकेट गिरा। इसके बाद लगता लखनऊ के बल्लेबाजों पर मुंबई की गेंदबाजी हावी होते दिखे। लखनऊ की ओर से सबसे ज्यादा रन मार्कस स्टोइनिस ने बनाए। उन्होंने 27 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज लखनऊ की ओर से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। मुंबई की ओर से आकाश मधवाल में जबरदस्त गेंदबाजी की। उन्होंने 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 सफलताएं हासिल की। पीयूष चावला और क्रिस जॉर्डन को भी एक-एक सफलता हासिल हुई। तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।

इससे पहले कैमरन ग्रीन की अगुआई में बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ आठ विकेट पर 182 रन बनाए। ग्रीन ने 41 रन की पारी खेलने के अलावा सूर्यकुमार यादव (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंद में 66 रन की साझेदारी भी की। निचले मध्य क्रम में तिलक वर्मा (22 गेंद में 26) और निहाल वढेरा (12 गेंद में 23) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सुपरजाइंट्स की ओर से नवीन उल हक सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन चार विकेट चटकाए। यश ठाकुर ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 34 रन पर तीन विकेट हासिल किए। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन वह विरोधी कप्तान कृणाल पंड्या के ओवर में छक्का और चौका जड़ने के बाद नवीन उल हक की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर आयुष बडोनी को कैच दे बैठे। उन्होंने 11 रन बनाए। इशान किशन (15) ने कृणाल की मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला लेकिन इस स्पिनर ने अगली गेंद पर उनका कैच टपका दिया। 

इशान ने इसके बाद कृष्णप्पा गौतम का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया। पिछले मैच के शतकवीर कैमरन ग्रीन ने नवीन पर दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन यश ठाकुर ने अपनी दूसरी ही गेंद पर इशान को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच करा दिया। अच्छी फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार ने आते ही यश पर छक्का जड़ा। ग्रीन ने कृणाल के ओवर में तीन चौके मारे जिससे टीम ने पावर प्ले में दो विकेट पर 62 रन बनाए। बीच के ओवरों में सूर्यकुमार और ग्रीन ने रन गति बरकरार रखी। दोनों ने मोहसिन खान के ओवर में छक्के जड़े। सूर्यकुमार ने नवीन पर चौके के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। सूर्यकुमार हालांकि नवीन की धीमी गेंद को हवा में खेलकर लांग ऑफ पर गौतम को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के मारे। नवीन ने इसी ओवर में ग्रीन को भी धीमी गेंद पर बोल्ड करके मुंबई को दोहरा झटका दिया। ग्रीन ने 23 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। नवीन के ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद मुंबई की रन गति में गिरावट आई। टीम 13 से 15 ओवर में 15 रन ही जोड़ सकी। तिलक वर्मा ने नवीन पर छक्के के साथ रन गति में इजाफे की कोशिश की लेकिन टिम डेविड (13) अगले ओवर में यश की गेंद पर दीपक हुड्डा को कैच दे बैठे। इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतरे निहाल वढेरा ने आते ही नवीन पर छक्का मारा लेकिन तिलक ने हुड्डा को कैच थमा दिया। वढेरा ने अंतिम ओवर में यश पर भी दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया लेकिन अंतिम गेंद पर आउट हो गए।

अन्य न्यूज़




Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments