Sunday, March 26, 2023
spot_img

AIMP: जहां भारतीय महिलाएं कार्यरत, वहां का वातावरण सुखद – शोभाताई

Publish Date: | Mon, 06 Mar 2023 10:23 PM (IST)

AIMP: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। एसोसिएशन आफ इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश (एआइएमपी) ने सोमवार को महिला दिवस पर इंदौर की महिला उद्यमियों के साथ अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वाली नारी शक्तियों को सम्मानित किया। पोलोग्राउंड स्थिति एआइएमपी सभागृह में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान गृहिणी से उद्यमी विषय पर परिचर्चा भी आयोजित हुई। महिलाओं को मुख्य अतिथि पीएससी की पूर्व सदस्य शोभाताई पैठनकर ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जहां भारतीय महिलाएं कार्यरत हैं, वहां का वातावरण सुखद रहता है।

एआइएमपी की महिला विंग सिद्धि ने यह आयोजन किया। महिला उद्यमी के रूप में मनीषा येवले और पूनम जायसवाल को उद्यमी अवार्ड से सम्मानित किया गया। कोविड के दौर में पति को खोने के बाद घर से बाहर निकलीं इन उद्यमियों ने प्लास्टिक और कोरोगेटेड उद्योग जैसे श्रम और प्रतिस्पर्धा आधारित इन उद्योगों को खुद संभाला और लगातार आगे बढ़ाया। सिद्धि विंग की अध्यक्ष रीना जैन व कार्यक्रम संयोजिका श्रेष्ठा गोयल ने बताया कि एसोसिएशन में आज अलग-अलग विधाओं में कार्यरत महिलाओं को भी पुरस्कार दिए गए।

इन्हें किया सम्मानित

सुनीता जैन को उद्यमिता में दीर्घ अनुभव के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया, जिन्होंने स्वप्रेरणा से अपना प्रिंटिंग उद्योग आरंभ किया और आज कई लोगों को रोजगार दे रही हैं। सामाजिक कार्य करने के लिए शासकीय अधिकारी अनुज्ञा हंडू को सम्मानित किया गया। उन्होंने एमएसएमई उद्योगों एवं एसोसिएशन को निरंतर सहयोग दिया। सामाजिक व पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रीष्मा त्रिवेदी को पर्यावरण के क्षेत्र में सतत सहयोग देने के लिए पुरस्कृत किया गया। उन्होंने छात्र जीवन में कई सफलताएं अर्जित कर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त किया और युवा व खेल मंत्रालय की ओर से विदेश में प्रतिनिधित्व किया।

उद्यमी जीवन के अनुभव सुनाए

सभा में उपस्थित महिला उद्यमी रितु अग्रवाल, श्वेता सिसौदिया, तृप्ति श्रीवास्तव, ममता महाजन, रुचि मंगल, आकांक्षा अर्जेरिया, पुलकित शर्मा (सीए) ने भी गृहिणी से उद्यमी जीवन के अपने-अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। उन्होंने अन्य महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एआइएमपी के अध्यक्ष योगेश मेहता ने कहा कि एसोसिएशन ने महिला उद्यमियों को प्रेरित करने के लिए एसोसिएशन के सदस्यता शुल्क में 31 मार्च तक 50 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।

Posted By: Hemraj Yadav

Mp

 


Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments