Publish Date: | Sun, 26 Mar 2023 08:54 PM (IST)
Bhopal News : भोपाल (राज्य ब्यूरो)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को सपत्नीक प्रदेश भाजपा कार्यालय की नींव रखी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी सपत्नीक भूमिपूजन में यजमान बने। पं विष्णु राजौरिया ने पूजन कराया।
नड्डा ने सम्मेलन में पार्टी के नए भवन को कार्यकर्ताओं का संस्कार केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि सांसद दल के नेता बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि संकल्प लेना चाहिए कि हर जिले में पार्टी कार्यालय हो। हम अब तक 290 कार्यालय बना चुके हैं, 115 बन रहे हैं, 123 के लिए जमीन ले ली है। भोपाल का कार्यालय अत्याधुनिक (वर्ल्ड क्लास स्टेंडर्ड) होगा। इसमें सभागार, चार कांफ्रेंस हाल, चार बैठक कक्ष होंगे।
उन्होंने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि प्रदेश कार्यालय भवन का भूमिपूजन करते हैं तो वह देश के सबसे बड़े कार्यालय के सपना देखते हैं। बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन करते हैं तो वह जनसभा में परिवर्तित हो जाता है। हमें उन्हें भी याद करना चाहिए, जिन्होंने चार-चार पीढ़ियां खपा दीं तब जाकर भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी। उन्होंने कहा कि मोदी जी के त्रिवेणी मंत्र से ही त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में दोबारा सरकार बनाना संभव हुआ। मोदी जी ने नीतियाें में परिवर्तन, उन्हें लागू करने और परफार्म के माध्यम से आगे बढ़ने का मंत्र दिया है।
विमानतल पर हुआ स्वागत
विमानतल पर स्वागत के दौरान नड्डा ने कहा कि हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास मंत्र के साथ सभी समाज, गांव, गरीब, पीड़ित, शोषित एवं दलित को जोड़ना और समानता के साथ बढ़ते जाना है। लाड़ली बहना योजना सहित अन्य सभी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी है। मुख्यमंत्री ने नड्डा का अभिनंदन करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि 2023 में पार्टी को रिकार्ड बहुमत से जिताएंगे और 2024 में प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी।
बूथ-53 में सुनी मन की बात
नड्डा विमानतल से सीधे गांधीनगर स्थित बूथ-53 पर पहुंचे और बूथ अध्यक्ष श्यामलाल बलवानी के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात सुनी। यहां ग्रुप कैप्टन स्वर्गीय वरुण सिंह सभागृह का लोकार्पण किया और उनके पिता सेवानिवृत्त कर्नल केपी सिंह और मां उमादेवी सिंह का सम्मान किया। यहां राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी पी़ मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के मंत्री अरविंद भदौरिया, विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
Source link
Recent Comments