Publish Date: | Sun, 26 Mar 2023 08:58 AM (IST)
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त करने के विरोध में शनिवार को राजधानी में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने कांग्रेसजनों ने चेहरे पर काली पट्टी बांधकर और ताला लगाकर प्रदर्शन किया। यहां प्रदेश प्रवक्ता दीप्ति सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार देश की जनता के मुंह पर ताला लगाना चाहती है। राहुल गांधी के सच बोलने पर भाजपा ने उनकी संसद से सदस्यता समाप्त कर उनके मुंह पर ताला लगाने का अलोकतांत्रिक कृत्य किया है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा जहां बौखलाई हुई है, वहीं तानाशाही रवैया अपनाकर जनता को भ्रमित कर देश में अराजकता का माहौल बना रही है। राहुल गांधी जनता के अधिकारों के लिए मजबूती के साथ खड़े हैं। अब जनता ही उनके समर्थन में खड़ी होकर भाजपा को सबक सिखाएगी। विरोध प्रदर्शन में केके. मिश्रा, विभा बिंदू डागौर, स्वदेश शर्मा, अभिनव बरोलिया, संतोष सिंह परिहार, रवि वर्मा, कुंदन पंजाबी, अपराजिता पांडे, प्रशांत गुररुदेव सहित कांग्रेसजन उपस्थित थे।
राहुल गांधी के सवालों का जवाब दे भाजापा : कमल नाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने ट्वीट कर कहा है कि भाजपा को इधर-उधर के झूठे आरोप लगाने के बजाय उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो राहुल गांधी ने सरकार और पार्टी से पूछे हैं। राहुल गांधी के सवालों से प्रधानमंत्री और सरकार पूरी तरह घिर गई है। भाजपा ने एक तरफ संसदीय परंपराओं को ताक पर रखकर राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता खत्म की तो दूसरी तरफ मनगढ़ंत आरोप लगाकर उनका चरित्र हनन करना चाहती है। नाथ ने कहा कि कांग्रेस देश के सभी वर्गों का सम्मान करती है। देश के विभिन्न वर्गों को आपस में लड़ाने का प्रयास करने वाली भाजपा को कांग्रेस और राहुल गांधी से सवाल करने का अधिकार नहीं है। भाजपा को अपने दुष्प्रचार के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेसी 27 को करेंगे मुख्यमंत्री आवास का घेराव
प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने बताया कि राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करने, दलितों पर अत्याचार, हत्या, दलित महिलाओं के साथ दुष्कर्म एवं निजीकरण के विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करेंगे। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक पीसी शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, प्रदेश भर से आने वाले अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
Posted By: Ravindra Soni
Source link
Recent Comments