Publish Date: | Mon, 27 Mar 2023 08:53 AM (IST)
Gwalior Weather Update: ग्वालियर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के कारण रविवार को आसमान में दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहे। हालांकि अधिकतर समय धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं रात के तापमान में गिरावट आई है। तीन दिन बाद फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे फिर से आंधी, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान मौसम फिर से बिगड़ सकता है।
जम्मू-कश्मीर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और छत्तीसगढ़ से द्रोणिका गुजर रही है। इन दोनों सिस्टम का प्रभाव पूर्वी मध्यप्रदेश में ज्यादा है, लेकिन ग्वालियर में इसका आंशिक असर देखा गया। इसके चलते बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन में अधिकतर समय धूप खिली रही। इस वजह से अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अगले तीन दिन तक अधिकतम तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी रहेगा। इसी दौरान 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जो अभी उत्तरी पाकिस्तान तक पहुंच चुका है। यह 30 व 31 मार्च तक मजबूत हो जाएगा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा रविवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
ये रही पारे की चाल
अधिकतम तापमान-33.1 डिसे
न्यूनतम तापमान-18.0 डिसे
Posted By: anil tomar
Source link
Recent Comments