Hello Doctor Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। आज के समय में हमारा खानपान काफी बदल गया है। सब्जियां, फल सभी को उगाने के लिए दवाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस कारण भोजन के बाद ही कई लोगों का पेट दर्द शुरू हो जाता है। इससे लोगों को अमीबायसिस बीमारी हो जाती है। इसमें पेट दर्द, दस्त आदि समस्याएं होने लगती हैं। यह सबसे ज्यादा गर्मी और बारिश में होता है।
इसका कारण यह है कि गर्मी में खुले में रखी सब्जियां, फल सहित खाने की सामग्रियों में कीटाणु जल्दी लग जाते हैं। इसलिए हमेशा इन्हें धोकर ही खाना चाहिए। जितना ज्यादा हो, बाहर की चीजों को खाने से बचें। पेट संबंधित बीमारी तनाव के कारण भी होती है। तनाव के कारण 25 से 40 साल तक के लोगों को पेट दर्द होता है। इस उम्र में लोग करियर बनाने में लगे रहते हैं। इस कारण ये तनाव ज्यादा लेते हैं। समय पर खाना भी नहीं खाते हैं।
यह बात पेट रोग और पाइल्स रोग विशेषज्ञ डा. संजय माहेश्वरी ने कही। वे हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों को बदलते मौसम में पेट से जुड़े रोग, समस्याएं और उपचार के बारे में जानकारी दे रहे थे। डा. माहेश्वरी ने बताया कि अक्सर लोग गुदा संबंधित बीमारी को पाइल्स मानते हैं। ऐसा नहीं है। पाइल्स, फिशर और फिश्चुला तीन प्रकार की बीमारी गुदा संबंधित होती है। कब्ज दूर करने से भी पाइल्स की बीमारी से बचा जा सकता है। कब्ज दूर करने के लिए अधिक फाइबर वाली चीजें खाएं। जैसे अनार, तरबूज, गेहूं, बाजरा, पत्तेदार सब्जियां।
1. पाइल्स- मल करने में जोर लगाने से खून की नसें फैल जाती हैं और गुदा से बाहर आने लगती हैं। यह शौच करने में रुकावट पैदा करती हैं। यह भी तीन प्रकार का होता है। ग्रेड-1 पाइल्स अंदर ही रहते हैं, बाहर नहीं आते। ग्रेड-2 गुदा से बाहर आते हैं और वापस अंदर चले जाते हैं। ग्रेड-3 पाइल्स को हाथ से अंदर करना पड़ता है।
2. फिशर- यह गुदा में घाव होता है, जो कड़क मल आने से बनता है। इसमें शौच के बाद भी दर्द ज्यादा होता है।
3. फिश्चुला- इसमें गुदा द्वार में पस पड़ जाता है। पस बाहर आकर फूटने लग जाता है। कई बार ऐसा भी होता है कि पस अंदर से बाहर आता है। इससे संक्रमित मरीजों को गुदा में दर्द और पस निकलता है।
हमेशा सब्जी, फल धोकर ही खाएं
सवाल- शौच जाम हो जाता है। यह परेशानी बहुत दिनों से हो रही है। – राजेश अग्रवाल
जवाब- दिनभर में 10-12 गिलास पानी पीना चाहिए। सलाद, पपीता, जाम धोकर खाएं। रोज सुबह घूमने जाएं।
सवाल- भोजन करने के बाद पेट दर्द करने लगता है। शौच भी नहीं आता है?- असलम
जवाब- एसिडीटी के कारण ऐसा हो सकता है। चाय पीना कम करें। खाना भी धीरे-धीरे चबाकर खाना चाहिए। एक बार में ज्यादा मात्रा में खाना न खाएं। दो बार की जगह तीन बार खाना खाएं।
सवाल- ठंड के मौसम में तो स्वस्थ रहते हैं, लेकिन गर्मी आते ही पेट रोग हो जाते हैं? – हुकुमचंद कटारिया
जवाब- कच्चा जाम, सलाद नहीं खाना चाहिए। यह अमीबायसिस बीमारी के लक्षण होते हैं। गर्मी में चाय पीना बंद कर दें। दूध से बनी बाहर की मिठाइयां भी न खाएं।
सवाल- 35 साल से ज्यादा उम्र के लोग तला हुआ खा लेते हैं, लेकिन हजम नहीं होता है। इसका क्या कारण है? – अनिल
जवाब- अमेरिका-इंग्लैंड में शाम 6 बजे सभी लोग खाना खा लेते हैं, ताकि सोने से पहले हजम हो जाए। देर रात मिर्च-मसाले वाला खाना खाकर सीधे सोने चले जाते हैं। इससे यह समस्या होती है। हमेशा सोने से दो घंटे पहले भोजन करें।
सवाल- सोकर उठने पर मुंह का स्वाद कड़वा क्यों हो जाता है?- संजय
जवाब- सोने में हमें ध्यान रखना चाहिए कि हमारा सिर ऊपर हो और पैर नीचे। ऐसा नहीं करते हैं तो एसिड ऊपर की तरफ आ जाता है। इससे मुंह का स्वाद बदल जाता है।
सवाल- गैस बनती है और दिन में तीन बार शौच जाना पड़ता है। – गजेन्द्र
जवाब- हमेशा कोशिश करें कि फल और सलाद धोकर खाएं। बाहर का पानी न पीएं। फिल्टर पानी ही पीएं।
सवाल- पेट में गठान का आपरेशन हुआ था। उसके बाद से खाना खाने के बाद पेट फूल जाता है।- राजेश चौधरी
जवाब- खाना खाते समय पानी ज्यादा पीएं। खाने के टुकड़े, फल, सलाद को छोटे हिस्सों में खाए। पूरी तरह चबाने की कोशिश करें।
यह भी कहा डाक्टर ने
– कोल्ड्रिंक नहीं पीना चाहिए। इसमें शकर की मात्रा ज्यादा होती है।
– नियमित योग करें।
– मसालेदार खाने से बचें।
– एसिडिटी होने पर ठंडा दूध पीएं।
Posted By: Sameer Deshpande
Source link
Recent Comments