Publish Date: | Mon, 06 Mar 2023 09:36 PM (IST)
Holika Dahan 2023: उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। धर्मधानी उज्जैन में तिथि मतांतर से दो दिन होली पर्व मनाया जा रहा है। सोमवार को प्रदोषकाल में पूर्णिमा की मान्यता के चलते महाकाल व सिंहपुरी में 5100 कंडों से इको फ्रेंडली होली बनाई गई।
दोनों ही स्थानों पर महिलाओं ने पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका का पूजन किया। महाकाल मंदिर में प्रदोषकाल में पूजन के बाद होलिका का दहन हुआ लेकिन सिंहपुरी में मंगलवार सुबह 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में होलिका का दहन होगा। रात्रि पर्यंत भजन कीर्तन व फाग के गीतों के साथ उत्सव मनाया जाएगा। मंगलवार को शहर के अधिकांश हिस्सों में होली मनेगी। बुधवार को शहर में धुलेंडी पर रंगपर्व का उल्लास छाएगा।
श्री महाकालेश्वर भर्तृहरि विक्रम ध्वज चल समारोह समिति के पं.यशवंत व्यास व पं.अमर डब्बावाला ने बताया सिंहपुरी में उज्जैन के अष्ट महाभैरव में से एक श्री आताल पाताल भैरव के आंगन में होलिका उत्सव की परंपरा दो हजार साल से अधिक पुरानी है।
पूर्वजों का कहना था कि होली में लकड़ी व डांडे के रूप में हरे वृक्ष का उपयोग करने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए कंडों से होलिका बनाई जाती है। बीच में होली के डांडे की बजाय ध्वज लगाया जाता है। सोमवार को शास्त्रीय मान्यता अनुसार होलिका का पूजन किया गया। सिंहपुरी की परंपरा अनुसार धुलेंडी, रंगपंचमी तथा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर विजय की प्रतीक गैर निकाली जाएगी।
यहां आयोजन
-मालीपुरा सांस्कृतिक समिति द्वारा मंगलवार रात 9 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संपूर्ण क्षेत्र में आकर्षक पुष्प सज्जा होगी। बुधवार को धुलेंडी मनाई जाएगी। समाजजन उमंग व उल्लस के साथ होली खेलेंगे।
-श्री अवंतिका महाकाल युवा तीर्थ पुरोहित समिति रामघाट द्वारा मंगलवार शाम 5.30 बजे शिप्रा तट पर फाग उत्सव का आयोजन किया जाएगा। पुरोहित शिप्रा के दुग्धाभिषेक पूजन करेंगे। इसके बाद फाग के गीतों पर फूल व गुलाल से होली खेली जाएगी।
-योगीपुरा स्थित श्री संतोषी माता मंदिर में मंगलवार शाम होलिका की गोद में बैठे प्रहलाद की झांकी के रूप में सुंदर होली का निर्माण किया जाएगा। पुजारी परिवार द्वारा ठंडाई का वितरण किया जाएगा। बुधवार को धुलेंडी मनाई जाएगी।
-श्री वीरभद्र ध्वज चल समारोह समिति द्वारा मंगलवार शाम 7 बजे से महाकाल मंदिर चौराहा पर सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमंत बृजवासी की भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay
Source link
Recent Comments