Publish Date: | Mon, 06 Mar 2023 04:51 PM (IST)
Indore City Bus: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में होली और रंगपंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है । इस बार धुलेंडी 8 मार्च और रंगपंचमी 12 मार्च को मनाई जाएगी। इस दिन शहर में सिटी बसों का संचालन नहीं होगा।
इंदौर में रोजना लाखों लोग एआइसीटीएसएल द्वारा संचालित आई-बस और सिटी बसों में सफर करते हैं, लेकिन प्रतिवर्ष अनुसार धुलेंडीऔर रंगपंचमी के दिन एआइसीटीएसएल द्वारा शहर में संचालित बसें नहीं चलेंगी। उल्लेखनीय है कि धुलेंडी पर पूरे शहर में दिनभर खूब रंग-गुलाल उड़ाया जाता है। वहीं, रंगपंचमी पर शहर के मध्य राजवाड़ा में ऐतिहासिक गैर निकलती है। सुबह से लेकर दोपहर तक पूरे शहर में रंगों की धूम रहेगी। इसलिए सिटी बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
होली: 15 गोशालाओं में तीन लाख कंडे तैयार
इंदौर। शहरभर में होली का उल्लास छाया है। होलिका दहन की पूर्व संध्या पर रविवार को शहर के कई मंदिरों में फाग उत्सव मनाया गया। होलिका दहन के लिए 15 गोशालाओं में तीन लाख से ज्यादा कंडे बनाए गए हैं। इस वर्ष भी करीब पांच हजार जगह होलिका दहन होगा। इस अवसर पर राधा-कृष्ण का बाना भी निकाला जाएगा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गोसेवा विभाग के मनोज तिवारी ने बताया कि गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण की भावना से गोबर और गोकाष्ठ से होली जलाने का अभियान 9 वर्षों से चलाया जा रहा है।
निश्शुल्क होगा कंडों का वितरण
इस वर्ष श्रीमद् भागवत गोशाला, बालकदास गोशाला, श्रीमद् ओम गायत्री गोशाला, श्रीविधाधाम गोशाला, राम मंदिर गोशाला सहित 15 गोशालाओं में तीन लाख कंडे तैयार किए गए हैं। किष्किंधा धाम रंगवासा राऊ द्वारा 25 हजार कंडों का निश्शुल्क वितरण किया जाएगा। अध्यक्ष रजत गर्ग ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य होलिका दहन के नाम पर पेड़ों को कटाई से बचाना है। वितरण 6 मार्च सुबह 10 बजे से होगा।
Posted By: Hemraj Yadav
Source link
Recent Comments