Publish Date: | Mon, 27 Mar 2023 09:04 AM (IST)
Jabalpur weather : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को भी मौसम की रंगत बदली रही। सूरज तपाने के लिए तमतामाया रहा पर बादल भी ढाल बनकर अड़े रहे। सूरज-बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल दिन भर चलता रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहरी क्षेत्र में तो दोपहर में सिर्फ बादल छाये रहे पर आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और ओले भी गिरे। समीस्थ मझौली ब्लाक सहित आस-पास के क्षेत्र में ओले गिरने से शाम को हल्की ठंडक महसूस की गई। हवा का रुख भी बदला रहा। दक्षिण पश्चिमी की जगह फिर हवा की दिशा उत्तरी रही। पांच से छह किमी प्रति घंटे की गति से चली हवा वातावरण में ठंडक का अहसास कराती रही। जबकि रात को तेज हवा के साथ जबलपुर सहित संभाग के जिलों में बूंदाबांदी भी हुई। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक अगले 24 घंटे मौसम इसी तरह बना रहेगा।
जोर नहीं मार पाएगी गर्मी, मिलती रहेगी राहत-
मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में अलग–अलग स्थानों पर दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। वातावरण में नमी आने के कारण जबलपुर सहित संभाग के जिलों में बादल, वर्षा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के पास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा कर्नाटक से विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड से होते हुए बिहार तक उत्तर–दक्षिण ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके असर से छत्तीसगढ़ से लगे पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में नमी आने लगी है। अगले 24 घंटे के दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा व व्रजपात की संभावना है।
31 मार्च तक जारी छाए रहेंगे बादल-
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 29 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने के आसार हैं। इस वजह से 31 तक गरज-चमक के साथ बादल, वर्षा के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान धूप निकलेगी पर बादलों के कारण राहत भी मिलती रहेगी। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में भी उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस से मामूली रूप से बढ़कर 35.0 डिग्री पर रहा वहीं न्यूनतम तापमान भी मामूली रूप से बढ़कर 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं गत वर्ष की बात करें तो आज के दिन अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री अौर न्यूनतम 23.0 डिग्री पर रहा।
मौसम का पूर्वानुमान
धूप के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे। तेज हवा के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है।
27 मार्च- 34.0 – 20.0
28 मार्च – 34.0 – 20.0
कटनी
27 मार्च – 33.0- 23.0
28 मार्च – 33.7 -22.5
मंडला
27 मार्च- 33.0- 20.0
28 मार्च -34.0 -19.0
Posted By: Dheeraj Bajpaih
Source link
Recent Comments