Sunday, June 4, 2023
spot_img

MP BJP Office: संकल्प शक्ति का नव सृजन करेगा भाजपा का नया प्रादेशिक कार्यालय

शिवराज सिंह चौहान

हमारे आराध्य और राष्ट्रमनीषी पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने कहा था कि प्रत्येक समाज, संगठन और व्यक्ति को समयानुकूल अपना उन्नयन करना चाहिए, तभी वह अपने उद्देश्यों की प्राप्ति में पूर्णत: सफल हो सकते हैं। स्वाभाविक है कि किसी भी ध्येय-केंद्रित व्यवस्था को चलाने के लिए नवाचारों से सुसज्जित एक कार्यालय का होना प्राथमिक आवश्यकता है। कार्यालय वह स्थान होता है, जहां क्रमश: जो लोग आते हैं, उनमें से कुछ लोगों का कार्यकर्ता के रूप में निर्माण प्रारंभ किया जाता है। उन्हीं कार्यकर्ताओं में से कार्यकारिणी का चयन होता है। उसी कार्यकारिणी को संगठन के कार्यक्रम सौंपे जाते हैं। इन कार्यक्रमों के संपादन में कोष का भी अपना महत्वपूर्ण स्थान है। इन सबका जो समुच्चय केंद्र है, उसे हम कार्यालय कहते हैं।

कोई भी संगठन पांच ‘क’ अर्थात् कार्यकर्ता, कार्यकारिणी, कार्यक्रम, कोष और कार्यालय से चलता है। जहां तक भारतीय जनता पार्टी का प्रश्न है, तो यहां सतत प्रशिक्षण के द्वारा कार्यकर्ता की योग्यता का विकास करना, उसकी उपयोगिता स्थापित करना, इस उपयोगिता के आधार पर समाज में उनकी स्वीकार्यता प्रभावपूर्ण तरीके से स्थापित होना, एक परिणाममूलक कार्यपद्धति की निशानी है। जिस कार्यकर्ता के भीतर यह पांच बातें स्थापित हो जाती हैं, उसे संगठन में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, तो उसमें हमारे पूर्वजों के पसीने का योगदान तो अविस्मणीय है ही, हमारे सुव्यवस्थित और आधुनिक कार्यालयों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पार्टी के तमाम निष्ठावान व तपस्वी कार्यकर्ताओं ने कार्यालयों की शुचितापूर्ण व्यवस्थाओं के संचालन में अपने जीवन होम किए हैं। भाजपा कार्यकर्ता के लिए कार्यालय ही उसका साधना केंद्र भी है। हमारे कार्यकर्ता को उसके संस्कारों के कारण दुनिया में अगर अलग से पहचाना जाता है, तो उसके हृदय में समाए उन भावों के कारण पहचाना जाता है जो उसके भीतर कार्यालयीन स्पंदन से पैदा होते हैं। यह स्पंदन तब और अधिक प्रभावी हो जाते हैं, जब संगठन के मुखिया का आत्मीय सान्निध्य साकार रूप में प्रकट होता है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा जी का नवीन कार्यालय के शिलान्यास हेतु पधारना हम सबके भीतर भविष्य के सपनों को लेकर अप्रतिम और अद्भुत ऊर्जा का संचार कर रहा है। स्वाभाविक है भाजपा एक परिवार है, किसी परिवार की पार्टी नहीं।

हमारा कार्यकर्ता जब कार्यालय में होता है, तो वहां से अपने भाजपा परिवार की समृद्धि और विकास की परिकल्पना लेकर जाता है। जिस प्रकार से एक घर में रहने वाले बच्चे माता-पिता से संस्कारों का हस्तांतरण कर लेते हैं, ठीक उसी प्रकार भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता अपने प्रेरणा-पुंजों से राष्ट्रीय और सामाजिक दायित्वों का हस्तांतरण कर लेते हैं। मैं अपने विद्यार्थी जीवन से आज तक पार्टी कार्यालय और पार्टी के प्रेरक व्यक्तित्वों को नजदीक से देख रहा हूं। संगठन ने सदैव समयानुकूल व्यवस्था में परिवर्तन किए हैं। भोपाल में छोटे से प्रदेश कार्यालय से चलकर दीनदयाल परिसर के भव्य और दिव्य कार्यालय के निर्माण की तत्कालीन आवश्यकताओं का साक्षी रहा हूं। लेकिन आज जब हमारा नेतृत्व यह आह्वान करता है कि भाजपा को कई दशकों तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भारत का भाग्य बदलने के लिए शासन करना है, तब हमारे लिए यह केवल कहने का विषय नहीं हो जाता, बल्कि उस मार्ग पर तीव्र गति से आगे बढ़ने का सामर्थ्य पैदा करता है। भाजपा (मध्य प्रदेश) का संगठन देश में सर्वश्रेष्ठ संगठन माना जाता है।

कुशाभाऊ ठाकरे, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी जैसी हुतात्माओं ने अपने अमूल्य समय व प्रयासों की आहुति से मध्य प्रदेश भाजपा संगठन को सर्वश्रेष्ठ बनाने में दी है। इन्हीं मनीषियों की प्रेरणा से पूर्व में उस समय की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यालय का निर्माण किया गया और उन्हीं के बताए गए मार्ग पर अनवरत चलने की दृष्टि से नवीन कार्यालय के निर्माण का संकल्प हम सभी कार्यकर्ताओं ने लिया है। एक तरफ आज संख्या की दृष्टि से भाजपा सबसे अधिक कार्यकर्ताओं की संख्या वाली पार्टी है, वहीं दूसरी तरफ वर्तमान कालखंड की जिम्मेदारियां और एक समृद्ध, सशक्त, समरस, स्वावलंबी भारत के निर्माण की चुनौतियों की अनुभूति भी हमें हैं।

इन सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए स्वाभाविक है कि हमें ऐसे कार्यालय की आवश्यकता महसूस हुई, जो हमारे वैचारिक आंदोलन को वर्षों तक ऊर्जा देने का काम करे। पार्टी का नवीन प्रादेशिक कार्यालय आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तो होगा ही, वैचारिक रूप से प्रेरक भी होगा। नवीन कार्यालय में हम भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कार्यकर्ताओं के निर्माण का अभियान और भी अधिक नवाचारों के साथ चला सकेंगे। मैं मध्य प्रदेश के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं को उनके नए आराध्य-केंद्र के निर्माण की शुभकामनाएं देता हूं।

(लेखक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं)

Posted By: Prashant Pandey

Mp

 


Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments